बॉलीवुड के ‘सिंघम’ यानी अजय देवगन एक बार फिर बड़े पर्दे पर तबाही मचाने के लिए तैयार हैं। ‘फूल और कांटे’, ‘सिंघम’ एवं ‘भोला’ जैसी फिल्मों से दर्शकों को दीवाना बनाने वाले अजय देवगन एक बार फिर एक्शन और मास-एंटरटेनर जॉनर में वापसी कर रहे हैं।
हाल ही में एक्टर ने अपनी अगली धमाकेदार एक्शन फिल्म ‘चौहान’ (Chauhaan) का एलान कर दिया है, जिसे देखने के बाद फैंस का उत्साह सातवें आसमान पर पहुंच गया है।
अजय देवगन ने इस बड़ी फिल्म की घोषणा के लिए एक बेहद खास दिन को चुना। उन्होंने अपने दिवंगत पिता और बॉलीवुड के मशहूर स्टंट डायरेक्टर वीरू देवगन की बर्थ एनिवर्सरी (जयंती) के मौके पर फिल्म का एक दमदार अनाउंसमेंट टीज़र शेयर किया।
कश्मीर के उग्रवाद और ‘जुम्मा चुम्मा’ के सुरों के बीच की एंट्री
अजय देवगन की फिल्म ‘चौहान’ का यह अनाउंसमेंट टीज़र 2 मिनट 24 सेकंड का है। टीज़र में कश्मीर का माहौल दिखाया गया है, जहाँ कुछ लोग सेना के जवानों पर पत्थरबाज़ी करते नज़र आ रहे हैं।
कश्मीर के इसी तनावपूर्ण माहौल के बीच एंट्री होती है फिल्म के हीरो ‘चौहान’ की, जो वहां के हालातों को सुधारने और इस समस्या का हमेशा के लिए हल निकालने का ज़िम्मा उठाता है।
टीज़र में अजय देवगन का लुक बेहद धांसू और अनोखा है। उनका आधा चेहरा एक मास्क से ढका हुआ है और उनके हाथ में एक लगेज बैग है।
दिलचस्प बात यह है कि, इस बैग के ऊपर एक डेक रखा हुआ है, जिसमें महानायक अमिताभ बच्चन की सुपरहिट फिल्म का गाना ‘जुम्मा चुम्मा दे दे’ की धुन बज रही है। इस कूल और खतरनाक अंदाज़ में चौहान कश्मीर से उग्रवाद का सफाया करने का वादा करता है।
क्या शाहरुख खान पर है निशाना?
इस टीज़र का सबसे बड़ा हाईलाइट इसका आखिरी डायलॉग है, जिसने सोशल मीडिया पर एक नई बहस छेड़ दी है। टीज़र के अंत में अजय देवगन बेहद भारी और दमदार आवाज़ में कहते हैं, “पठानों से कहना, चौहान आ रहा है।”
इस डायलॉग के सामने आते ही सिनेमाप्रेमियों और फैंस के मन में यह सवाल उठने लगा है कि, क्या अजय देवगन ने यहां शाह रुख खान की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘पठान’ पर कोई सीधा तंज या कटाक्ष कसा है? हालांकि, यह तो फिल्म रिलीज होने के बाद ही साफ होगा। हालांकि इस एक डायलॉग ने फिल्म को लेकर सस्पेंस और हाइप को दोगुना कर दिया है।
आने वाले दिनों में बॉक्स ऑफिस पर राज करेंगे ‘अजय देवगन’
अजय देवगन के फैंस के लिए आने वाला समय बेहद रोमांचक होने वाला है। ‘चौहान’ के अलावा उनके खाते में कई और बड़ी फिल्में हैं जो जल्द ही सिनेमाघरों में दस्तक देंगी। अगले महीने 10 जुलाई को उनकी मोस्ट अवेटेड कॉमेडी फिल्म ‘धमाल 4’ रिलीज होने जा रही है।
इसके बाद, गांधी जयंती के खास मौके पर 2 अक्टूबर को सस्पेंस-थ्रिलर फिल्म ‘दृश्यम 3’ बड़े पर्दे पर रिलीज होगी। साफ है कि, बैक-टू-बैक रिलीज के साथ अजय देवगन बॉक्स ऑफिस पर पूरी तरह छा जाने के लिए तैयार हैं।

Leave a Reply