भारतीय क्रिकेट टीम पूरे 9 साल बाद श्रीलंका में टेस्ट सीरीज खेलने के लिए तैयार है। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के तहत होने वाली इस 2 मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला 15 अगस्त यानी स्वतंत्रता दिवस पर शुरू हो सकता है।
क्रिकबज़ की रिपोर्ट के अनुसार, भारत 15 अगस्त से श्रीलंका के खिलाफ़ दो मैचों की टेस्ट सीरीज़ शुरू करने वाला है। पहला मैच गाले में होने की संभावना है। ये दोनों टेस्ट मैच वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का हिस्सा होंगे, क्योंकि भारत WTC फ़ाइनल में जगह बनाने की कोशिश कर रहा है। ‘मेन इन ब्लू’ के काफ़ी व्यस्त शेड्यूल के बीच एक T20I सीरीज़ भी हो सकती है।
ज़िम्बाब्वे में तीन मैचों की T20I सीरीज़ के बाद ‘भारत’ श्रीलंका का दौरा करेगा। हालांकि BCCI या SLC ने सीरीज़ की सही तारीखों का खुलासा नहीं किया है। रिपोर्ट से पता चलता है कि, भारत 15 अगस्त को खेलेगा, जिस दिन ‘देश’ स्वतंत्रता दिवस मनाता है।
क्रिकबज़ की रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि, दूसरे टेस्ट के लिए वेन्यू अभी तय नहीं हुआ है लेकिन सिंहलीज़ स्पोर्ट्स क्लब (SSC) में यह मैच होने की संभावना है। यह मैच 23 अगस्त से शुरू होने वाला है।
9 साल बाद श्रीलंका में भारत का पहला टेस्ट दौरा
इस बीच, यह टेस्ट दौरा पिछले नौ वर्षों में श्रीलंका में भारत का पहला दौरा होगा। पिछली बार ‘मेन इन ब्लू’ ने साल 2017 में इस द्वीप देश का दौरा किया था। बता दे कि, विराट कोहली की कप्तानी वाली टीम ने श्रीलंका का दौरा किया था और उन्हें 3-0 से हराया था।
टेस्ट दौरे के दौरान भारत से तीन मैचों की T20I सीरीज़ खेलने का भी अनुरोध किया जा रहा है। सैकिया ने मीडिया को बताया, “तीन मैचों का अनुरोध है और हम जल्द ही शेड्यूल को अंतिम रूप देंगे।” अगर यह सीरीज़ होती है, तो टेस्ट मैचों के बाद खेले जाने की संभावना है। श्रीलंका की लंका प्रीमियर लीग 9 अगस्त को ही खत्म होगी और टेस्ट मैचों से पहले तीन मैच खेलने के लिए ज़्यादा समय नहीं होगा।
भारत का व्यस्त इंटरनेशनल शेड्यूल
भारत के लिए यह काफ़ी व्यस्त इंटरनेशनल शेड्यूल होगा, क्योंकि एकमात्र टेस्ट जीतने के बाद वे अब अफ़गानिस्तान के खिलाफ़ तीन मैचों की ODI सीरीज़ खेलेंगे। कुछ और बड़ी सीरीज़ भी होने वाली हैं। भारत ODI और T20I सीरीज़ के लिए इंग्लैंड का दौरा करेगा। साल 2027 की शुरुआत में मशहूर बॉर्डर-गावस्कर सीरीज़ के लिए ऑस्ट्रेलिया की मेज़बानी भी करेगा।
भारतीय टीम अभी से लेकर फरवरी तक आठ महीनों में 60 से ज़्यादा इंटरनेशनल मैच खेलेगी। इनमें अफ़गानिस्तान, आयरलैंड, इंग्लैंड, ज़िम्बाब्वे, श्रीलंका, वेस्ट इंडीज़, न्यूज़ीलैंड और ऑस्ट्रेलिया जैसी टीमों के ख़िलाफ़ कई सीरीज़ शामिल होंगी। इसमें सितंबर-अक्टूबर में आइची-नागोया में होने वाले एशियन गेम्स 2026 भी शामिल होंगे।

Leave a Reply