मुदस्सर अजीज के निर्देशन में बनी फिल्म ‘पति पत्नी और वो दो’ साल 2019 में आई हिट फिल्म ‘पति पत्नी और वो’ की फ्रेंचाइजी का अगला हिस्सा है। इस बार कहानी फॉरेस्ट ऑफिसर प्रजापति पांडे (आयुष्मान खुराना) के इर्द-गिर्द घूमती है, जिनकी शादी एक बेबाक जर्नलिस्ट (वामिका गब्बी) से हुई है। फिल्म की शुरुआत एक तेंदुए को पकड़ने के मिशन से होती है।
बस इस बीच प्रजापति की जिंदगी में असली तूफान तब आता है, जब उनकी पुरानी दोस्त (सारा अली खान) की एंट्री होती है। सारा की जान बचाने के चक्कर में आयुष्मान कुछ ऐसा कर बैठते हैं कि, वह खुद तीन महिलाओं के बीच बुरी तरह घिर जाते हैं। इस पूरे घालमेल में रकुल प्रीत सिंह आग में घी डालने का काम करती हैं और धीरे-धीरे यह सिंपल सी दिखने वाली कहानी एक मजेदार ‘कॉमेडी ऑफ एरर्स’ में बदल जाती है। हालांकि, फिल्म की कहानी में कुछ भी नया या सेंसेशनल नहीं है। इंटरवल के बाद इसका अंत काफी खींचा हुआ और जाना-पहचाना सा लगने लगता है।
निर्देशन
डायरेक्टर मुदस्सर अजीज ने फिल्म को बिना किसी उलझन के बेहद सिंपल और सीधा रखने की कोशिश की है। फिल्म का प्लस पॉइंट इसके सिचुएशनल जोक्स हैं, जो दर्शकों को हंसाने में कामयाब होते हैं। स्क्रीनप्ले में पुराने गानों का इस्तेमाल किया गया है, जो फिल्म के हिसाब से फिट बैठता है। हालांकि कुछ नए गानों को जबरदस्ती ठूंसा गया हो, ऐसा महसूस होता है। फिल्म की रफ्तार इंटरवल तक तो काफी अच्छी रहती है और सारे किरदार अपनी भूमिकाओं में जमे हुए दिखते हैं। बस क्लाइमेक्स की तरफ बढ़ते हुए स्क्रीनप्ले थोड़ा प्रेडिक्टेबल हो जाता है। अगर इसके अंत में थोड़ा और नयापन समेटा जाता, तो फिल्म सिनेमाघरों में भौकाल काट सकती थी।
एक्टिंग और कॉमिक टाइमिंग
अभिनय की बात करें तो, आयुष्मान खुराना ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि मिडल-क्लास कनफ्यूजन और लाचारी वाले किरदारों में उनकी कोई बराबरी नहीं कर सकता है। उनके चेहरे के एक्सप्रेशंस और कमाल के डायलॉग डिलीवरी कई सीन्स में हंसी का जोरदार ठहाका लगाने पर मजबूर कर देते हैं। रकुल प्रीत सिंह मूवी में काफी रिफ्रेशिंग लगी हैं, जबकि वामिका गब्बी और सारा अली खान ने भी अपने किरदारों के साथ पूरा इंसाफ किया है। मुख्य कलाकारों के अलावा फिल्म को सबसे ज्यादा मजबूती इसकी सपोर्टिंग कास्ट से मिलती है। ‘पंचायत’ फेम दुर्गेश कुमार (बनराकस) और दिग्गज अभिनेता विजय राज की बेहतरीन कॉमिक टाइमिंग फिल्म में जान डाल देती है। वहीं तिग्मांशु धूलिया का छोटा लेकिन देसी अंदाज दर्शकों का भरपूर मनोरंजन करता है।
फाइनल वर्डिक्ट (निष्कर्ष)
कुल मिलाकर, ‘पति पत्नी और वो दो’ एक हल्की-फुल्की सिचुएशनल कॉमेडी फिल्म है, जिसे 3/5 स्टार दिए जा सकते हैं। फिल्म की कहानी में कोई बड़ा सरप्राइज एलिमेंट नहीं है। कलाकारों की बेहतरीन परफॉर्मेंस और शानदार कॉमिक टाइमिंग इसे देखने लायक बनाती हैं। अगर आप वीकेंड पर दिमाग पर बिना कोई जोर डाले सिर्फ हंसना और मनोरंजन करना चाहते हैं, तो इस फिल्म को सिनेमाघरों में एक बार जरूर देख सकते हैं।

Leave a Reply